बेलहर/संतकबीरनगर। बालश्रम पर अंकुश लगाने के लिए शुक्रवार को जिले के श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम जिले में ताबड़तोड छापेमारी की। गनवरिया स्थित एक ज्वेलर्स एवं बर्तन की दुकान से बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया। साथ ही दुकानदार को नोटिस थमाया। कार्रवाई की भनक लगते ही क्षेत्र के अन्य दुकानों पर मजदूरी कर रहे नाबालिकों को दुकानदारों ने हटा दिया। पूरे दिन हड़कंप की स्थिति बनी रही। टीम ने इससे पूर्व मंगलवार को महुली में छापेमारी की थी। जहां पर बाल श्रमिक को मुक्त कराया था।
बेलहर थाना क्षेत्र के विभिन्न तिराहों और चौराहों पर चल रही दुकानों पर बालश्रम कराया जा रहा है। पढ़ाई की उम्र में बच्चे मजदूरी करने को विवश है। मुख्य कारण आर्थिक तंगी है। शासन की मंशा के अनुरूप इस पर रोकथाम के लिए श्रम विभाग सक्रिय हो गया। शुक्रवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम गनवरिया में चल रही ज्वेलर्स एवं बर्तन की दुकान पर छापेमारी की। बालश्रम कर रहे दो नाबालिग को मुक्त कराया। दुकानदार सुनील वर्मा को नोटिस थमाया। इसी तरह टीम सांथा, धोबहा और गोइठहा क्षेत्र पहुंचकर अभियान चलाया। जगह- जगह दुकानदारों से भविष्य में बालश्रम करवाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। दुकान मालिकों को 18 वर्ष से कम उम्र के बालकों को काम पर नहीं रखने की बात कही गई। टीम ने बालश्रम उन्मूलन अभियान आदि की जानकारी दी।
बालश्रम के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, 18 साल से कम उम्र के लोगों से काम कराया गया तो कार्रवाई की जाएगी। नोटिस के साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा। ऐसे में लोग बाल श्रमिकों से काम न कराए। बेलहर क्षेत्र में दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया है।
- मनोज कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी