शिविर लगाकर 46 गांवों के काश्तकारों के जमा होंगे अभिलेख
23 जनवरी से छह फरवरी के बीच तहसील मुख्यालय पर लगेगा शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। धनघटा तहसील के राम जानकी मार्ग में आने वाले राजस्व ग्रामों के प्रभावित 46 गावों के काश्तकारों को मुआवजा देने के लिए अभिलेख जमा कराने की तिथि निर्धारित कर दी गई। इससे काश्तकारों को मुआवजा मिलने की उम्मीद जगी है।
एसडीएम धनघटा उत्कर्ष श्रीवास्तव ने बताया कि 23 जनवरी से छह फरवरी तक सुबह 10 बजे से शाम बजे तक तहसील मुख्यालय पर कैंप का आयोजन किया गया है। अब भी जिन काश्तकारों को मुआवजा भुगतान के लिए आवश्यक अभिलेख जमा कराने शेष हों तो वे इन तिथियों में उपस्थित होकर एसएलओ ऑफिस के कर्मचारियों के पास आवश्यक अभिलेख जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया है कि उक्त शिविर में तहसीलदार धनघटा को नोडल अधिकारी और नायब तहसीलदार धनघटा को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संबंधित शिविर में प्रभावित काश्तकारों को उपस्थित कराए जाने के लिए पूर्व से क्षेत्रीय लेखपाल सूचित करेंगे तथा संबंधित लेखपाल कैंप में उपस्थित रहकर प्राप्त सी सी फार्म का सत्यापन करना सुनिश्चित करेंगे।