मेंहदावल बाईपास पर लगी यात्रियों की भीड़।संवाद
मेंहदावल बाईपास से नॉन स्टाप लखनऊ जाएगी बस
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय से राजधानी लखनऊ की यात्रा करने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। शुक्रवार को मेंहदावल बाईपास से लखनऊ के लिए राजधानी एक्सप्रेस बस का संचालन शुरू हो गया। यूपी 78 एचटी 4068 राजधानी एक्सप्रेस बस की खासियत है कि यह एक बार जिले से प्रस्थान करने के बाद सीधे लखनऊ के आलमबाग टर्मिनल पर जाकर रुकेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूबे के हर शहर को राजधानी लखनऊ से जोड़ने के लिए हर जिले को एक-एक राजधानी बस की सौगात दी है। उसी के तहत जनपद को एक बस मिली है।
बुकिंग लिपिक टीएन दूबे के अनुसार यह बस रोजाना सुबह आठ बजे बस्ती से चलकर नौ बजे संतकबीरनगर के मेंहदावल बाईपास पहुंचेगी। यहां से यात्रियों को बैठाने के बाद साढ़े नौ बजे रवाना होगी और दोपहर साढ़े तीन बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में यही बस पांच बजे लखनऊ से चलकर रात 11:30 बजे संतकबीरनगर पहुंचेगी। आगे यह बस गोरखपुर जाएगी, फिर गोरखपुर से सुबह साढ़े चार बजे चलकर सवा छह बजे बस्ती पहुंचेगी। उसके बाद निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक फेरे लगाएगी।
...
दस प्रतिशत अधिक है राजधानी का किराया
अन्य बसों की तुलना में राजधानी बस में सफर करने पर दस प्रतिशत अधिक किराया चुकाना होगा। बुकिंग लिपिक टीएन दूबे के अनुसार खलीलाबाद से लखनऊ का किराया अन्य बसों में 296 रुपये है। राजधानी बस में इसके लिए 331 रुपये देने होंगे।