- पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से कर रही पूछताछ
- छापेमारी में नाबालिग हुक्का पीते हुए मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एसओजी और कोतवाली की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की देर शाम शहर के तीन रेस्टोरेंट पर छापा मारा। यहां पर हुक्का बार की शिकायत थी। पुलिस ने तीनों जगहों से हुक्का पिलाने वाले छह लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली आई है। पुलिस इन लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस मामले में रेस्टोरेंट चलाने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी रही।
एसओजी प्रभारी सर्वेश राय और कोतवाल ब्रजेंद्र पटेल की टीम ने शहर के नेदुला, नवीन मंडी और मेंहदावल बाईपास से औद्योगिक क्षेत्र की तरफ जाने वाले मार्ग पर बने रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। इस दौरान वहां नाबालिग बैठे हुए मिले। इसमे कुछ इंटर कॉलेज के छात्र भी थे। यह सभी हुक्का पीते हुए मिले।
छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट के आसपास खड़े कुछ लोग मौके से फरार हो गए। हुक्का बार में नाबालिग से पुलिस ने पूछताछ कर उन्हें जाने दिया गया। इसके बाद टीम ने वहां पर हुक्का पिला रहे छह लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस की इस छापेमारी से हुक्का संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
टीम पकड़े गए छह लोगों को कोतवाली लेकर आई और पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों की माने तो जिले में यह पहली घटना है जो इतने लोग पकड़े गए है। अगर पुलिस सख्ती करे तो कुछ और जगहों के नाम सामने आ सकते हैं। इसमे एक हुक्का बार किसी राजनेता का बताया जा रहा है। पुलिस की छापेमारी से शहर में हड़कंप रहा। यह सभी हुक्का बार शहर से सटे हाईवे पर संचालित हो रहे थे। पुलिस इन सभी पर केस दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही रेस्टोरेंट संचालकों पर भी कार्रवाई की बात कही जा रही है।
पुलिस टीम ने छापेमारी की है, तीन जगहों पर हुक्का का धंधा हो रहा था, छह लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है, जल्द ही इसमे कुछ और लोगों के नाम आ सकते हैं।
- सत्यजीत गुप्त, एसपी