पुरानी पेंशन बहाली के लिए धरने पर बैठे शिक्षक
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बृहस्पतिवार को पुरानी पेंशन बहाली समेत नौ सूत्री मांगों के समर्थन में शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना दिया। अध्यक्षता जिला संयोजक महेश रामकी ने की।
शिक्षकों ने शांति मार्च भी निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम व डीआईओएस को सौंपा। शिक्षकों ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष एवं मंडलीय मंत्री संजय द्विवेदी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का हक, हम इसे लेकर रहेंगे। तदर्थ शिक्षकों को विनियमित किया जाए। वित्त विहीन विद्यालय के शिक्षकों की सेवा शर्त निर्धारित कर मानदेय 15 हजार रुपये प्रतिमाह तय की जाए।
उन्होंने कहा कि माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों व कर्मचारियों को चिकित्सकीय सुविधा प्रदान की जाए। परीक्षा एवं मूल्यांकन की सभी स्तर के पारिश्रमिक की दरों में वृद्धि की जाए। स्थानांतरण की ऑनलाइन प्रक्रिया में संशोधन करते हुए सरलीकरण किया जाए।
इस दौरान गिरिजा नंद यादव, महेश राम, विजय कुमार यादव, राम नारायण पांडेय, श्रीकांत, अनिल कुमार, मोहम्मद परवेज, मोहम्मद आफताब आलम, जय प्रकाश गौतम, मनोज पटेल आदि मौजूद रहे।