संतकबीरनगर। निकाय चुनाव में शहर की चुनी गई नई सरकार को पुरानी चुनौतियों से जूझना होगा। इसमें कूड़ा निस्तारण, अतिक्रमण, जल निकासी, पार्किंग और सड़क की बदहाली से निपटना प्रमुख चुनौती है। इन समस्याओं से शहर के लोग वर्षों से जूझ रहे हैं, जिनसे निजात पाने के लिए पूर्व की सरकारों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। नतीजा यह है कि बारिश के मौसम में शहर के कई मोहल्ले जलभराव की समस्या से जूझते हैं। अतिक्रमण और पार्किंग नहीं होने के कारण शहर की संकरी सड़क पर जाम में फंसे लोग जिम्मेदारों को कोसते नजर आते हैं।
डंपिंग ग्राउंड नहीं होने के चलते शहर के मार्गों के किनारे कूड़ा डाला जाता है। शहर के बंजरिया, नेदुला, विधियानी मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। इसके साथ ही विस्तारित क्षेत्र में शामिल बड़गों, मैलानी, कसैला, सरैया, छोटी सरौली, उस्का खुर्द, बनियाबारी, मोहद्दीनपुर समेत 16 मोहल्लों का शहरीकरण भी बड़ी चुनौती होगी। अब नई सरकार इन चुनौतियों से कैसे निपटती है देखना होगा।
000000000000000000
निस्तारण केंद्र नहीं होने से सड़क के किनारे डंप होता है कूड़ा
जिला मुख्यालय बने 26 वर्ष हो गए, लेकिन अब तक एक भी कूड़ा निस्तारण केंद्र स्थापित नहीं हो सका। नगर पालिका की तरफ से कूड़ा निस्तारण के लिए कोई पहल नहीं हुई। शहर के नेदुला मार्ग, नेशनल हाईवे, सरौली के पास कूड़ा डंप किया जाता है। इससे आसपास के लोगों समेत सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को परेशानी होती है। कूड़े की बदबू से परेशान लोग नाक और मुंह ढंक कर गुजरते हैं। यहां तक कि इस कूड़े को जलाया जाता है तो लोगों को सांस लेने में दिक्कतें होने लगती हैं।
000000000000000000000
जल निकासी की व्यवस्था न होने से होता है जलभराव
10 दिन पूर्व ही बारिश में खलीलाबाद शहर में भारी जलभराव हुआ था। मधुकुुंज तिराहा, गोला बाजार में सड़क पर पानी लग गया था, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से समय जी स्थान से मेंहदावल की तरफ जाने वाला मार्ग, पीडब्ल्यूडी डाक बंगला, एचआर इंटर कॉलेज जलभराव से डूबे रहते हैं। अब जबकि मानसून आने में एक माह बचा है, तो देखना होगा शहर की नई सरकार इससे कैसे निपटेगी।
00000000000000000
अतिक्रमण से संकरी हो जाती है सड़क
शहर में अतिक्रमण का हाल यह है कि लोग दो पहिया और चार पहिया वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते है। इससे गुजरना मुश्किल हो जाता है, और आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। शहर के कई मार्ग अतिक्रमण की चपेट में आने से संकरे हो गए हैं। अतिक्रमण हटाने के लिए एक साल से नगर प्रशासन की तरफ से कोई अभियान नहीं चलाया गया। नवगठित बोर्ड के सामने अतिक्रमण हटाना शहर में आवागमन दुरुस्त करना भी बड़ी चुनौती होगी।
0000000000000000000
बदहाल सड़क पर कराहते हैं वाहन चालक
शहर की प्रमुुख सड़कें गड्ढों में तब्दील है। नेदुला से विकास भवन मार्ग, बंजरिया मार्ग, विधियानी मार्ग समेत कई मोहल्ले की सड़कें टूटकर बदहाल हो चुकी हैं। इन सड़कों की दो वर्ष से मरम्मत नहीं हुई है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से पानी सड़क पर ही बहता है। जिससे सड़कें टूट रही हैं। देखना होगा कि अब इन सड़कों का निर्माण होता है कि नहीं, जिससे लोगों की समस्याएं दूर हों।
000000000000000000
सड़क की पटरी पर खड़े हो रहे वाहन, पार्किंग की दरकार
शहर में कही भी पार्किंग नहीं होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। मुख्य सड़क चौड़ी होने के बावजूद अभी तक सड़क की पटरियों पर वाहन खड़े होते हैं। यहां तक कि आधी सड़क पर लोग वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे शहर में अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती है। नगर पालिका प्रशासन की तरफ से चार साल पहले शहर में पांच जगहों पर पार्किंग चिह्नित हुई थी, लेकिन उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब नए बोर्ड को इस पर काम करना होगा। तभी यातायात व्यवस्था दुरूस्त हो सकेगी।
0000000000000000
नेदुला से विकास भवन जाने वाला बदहाल मार्ग पर चलना दुश्वार रहता है। अब शहर की नई सरकार से इस मार्ग के पुनरुद्धार की उम्मीद जगी है। सड़क निर्माण होने से हादसे कम हो जाएंगे और लोगों को सहूलियत होगी।
- दिलीप मोदलवाल, दुकानदार
00000000000000
शहर में बारिश के दिनों में भारी जलभराव हो जाता है। जल निकासी के लिए उचित इंतजाम नहीं होने से सड़कों पर पानी भरा रहता है। इससे निजात दिलाना नए नगर पालिका बोर्ड की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिले।
-चंद्र प्रकाश राय, व्यापारी
0000000000000000000
शहर की सभी समस्याओं के निदान के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा, शहर के समग्र विकास की योजना तैयार कर कार्य किया जाएगा। नगरवासियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना सबसे पहली प्राथमिकता है। सबसे पहले सफाई व्यवस्था और जल निकासी को दूर किए जाने का निर्देश दे दिया गया है।
-जगत जायसवाल, चेयरमैन, नगर पालिका खलीलाबाद
0000000000000000
शहर की समस्याएं चिह्नित हैं। जल निकासी के लिए नालियों की सफाई हो रही है। पार्किंग स्थल चिह्नित है। समय-समय पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलता है, नई कालोनियों की समस्याओं को दूर करने का कार्य जल्द ही शुरू करा दिया जाएगा।
-विनय कुमार मिश्र, ईओ, नगर पालिका परिषद, खलीलाबाद