- कम्युनिटी हेल्थ अधिकारियों ने की समस्याओं को दूर करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीनगर। एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर संघ के आह्वान पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम का विरोध किया। साथ ही सीएचओ की अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए मिशन निदेशक को संबोधित ज्ञापन सीएमओ को सौंपा।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर तैनात सीएचओ को ऑनलाइन हाजिरी लगानी पड़ रही है, जबकि अन्य अधिकारियों पर यह व्यवस्था लागू नहीं है। कहा कि जब तक अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों पर एएमएस पर उपस्थित दर्ज नहीं कराई जाती है तब तक सीएचओ भी आन लाइन हाजिरी नहीं लगाएंगे। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की सुविधाएं नहीं होती और बारिश के मौसम में सेंटर में पानी भर जाता है। ऐसी परिस्थिति में शोषण का शिकार होना पड़ता है। इस दौरान कम्युनिटी हेल्थ अधिकारियों ने बिजली, पानी, रोड़, नेटवर्क आदि की व्यवस्था ठीक कराए जाने की मांग की। साथ ही स्थानांतरण, समान कार्य समान वेतन, पीबीआई को मानदेय में जोड़ने, स्टॉफ नर्स भर्ती मेंं बोनस अंक दिए जाने आदि भी पूरा किए जाने की मांग की।
इस दौरान आशुतोष वर्मा, कादिर हुसैन, नाज़िया खातून, संदीप भारती, मनोजा, जतिन गर्ग, रवि प्रकाश पांडेय, सतीश आदि उपस्थित रहे।