जल निगम की ओर से दूसरे गांव की पानी टंकी गांव में बनाए जाने का कर रहे विरोध
निर्माण कार्य रोकने के आश्वासन पर मामला हुआ शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। क्षेत्र के माझा चहोड़ा गांव में मंगलवार को जल निगम की ओर से दूसरे गांव के लिए प्रस्तावित पानी की टंकी के निर्माण कार्य को गांव में कराने पर रोक दिया और प्रदर्शन किया। इसके साथ ही अधिकारियों से पानी टंकी गांव में निर्माण न कराए जाने की मांग की।
माझा चहोड़ा में पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पहले से ही पानी की टंकी बनी है। दूसरे गांव की प्रस्तावित पानी की टंकी भी इसी गांव में बनाई जा रही है। इसको लेकर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रोक दिया और प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों में शामिल राम नरायन, लालचंद्र, जगदीश, राममिलन, लालजी, पप्पू, सुरेश, रामकेश, संतराम, रामलौट, रविंद्र आदि ने कहा कि जलनिगम की ओर से अभी हाल में ही एक पानी की टंकी के लिए बोरिंग कराई गई है। दूसरे गांव के लिए प्रस्तावित पानी की टंकी हमारे गांव में बनाई जा रही है, जो स्वीकार नहीं है।
ग्रामीणों ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले अधिकारियों की ओर से निर्माण कार्य न कराए जाने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद भी काम बंद नहीं हुआ। इस बीच मौके पर पहुंचे पुलिस चौकी प्रभारी अमित कुमार चतुर्वेदी ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निर्माण कार्य बंद रखने की बात कही। इसके बाद लोग शांत हुए।