- सांथा क्षेत्र पंचायत की बैठक में सदस्यों ने समस्याओं से कराया अवगत
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। सांथा ब्लाॅक सभागार में शनिवार को प्रमुख अरविंद जायसवाल की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इसमें 12 करोड़ की परियोजना के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली। बैठक में मुख्य अतिथि मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी रहे। खंड विकास अधिकारी धर्मेश चंद्र ने दो दिवस में कार्य योजना कार्यालय में सम्मिलित करने को कहा।
बैठक की शुरुआत में तकनीकी सहायक महेंद्र कुमार राय ने एजेंडा पढ़कर लोगों को अवगत कराया। उन्होंने पिछली बैठक के बाद अब तक हुए विकास कार्यों की रूपरेखा भी बताई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण का 111 का लक्ष्य था, जो पूर्ण हो चुका है, जबकि मुख्यमंत्री आवास का लक्ष्य 115 है, पर अब तक 104 आवेदन ही हो सके हैं ।
बैठक के दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष रणवीर पांडेय ने कंप्यूटर ऑपरेटर न होने के कारण हो रही समस्या पर ध्यान आकृष्ट कराया। ग्राम पंचायत के कार्यों में क्षेत्र पंचायत के हस्तक्षेप को रोकने की मांग की। गांवों में बगैर किसी कारण राशन कार्ड काट दिए जाने का मुद्दा भी गरमाया। सदस्यों ने कहा कि सप्लाई विभाग से कभी कोई भी क्षेत्र पंचायत की बैठक में नहीं आता है।
विधायक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि वे उच्चाधिकारियों को पत्र लिखेंगे। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ हर वंचित पात्रों को मिलेगा और गांवों में बुनियादी सुविधाओं की बहाली के लिए केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है, जिसकी वजह से गांव भी शहर की तरह चकाचक हो रही हैं। उन्होंने कहा कि हर गांव में बिना भेदभाव के विकास कार्य होने चाहिए।
ब्लॉक प्रमुख अरविंद जायसवाल ने विकास कार्यों को बेहतर तरीके से कराने पर जोर देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित लोगों को लाभ दिलवाने को कहा। बीडीओ धर्मेश चंद्र पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना व मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, स्वच्छता अभियान तथा राज्य वित्त योजना पर चर्चा की। ग्राम पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि के रूप में अबरार अहमद, शिक्षक विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र चौबे, रामसुभग दुबे, पी के सिंह, फजलुर्रहमान, खालिद रजा आदि मौजूद रहे।