उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन का वार्षिकोत्सव एवं उद्यमी निवेशक सम्मेलन हुआ
संवाद न्यूज एजेंशी
संतकबीरनगर। रविवार देर शाम शहर के डीघा बाईपास स्थित एक होटल में उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन का वार्षिकोत्सव एवं उद्यमी निवेशक सम्मेलन हुआ। जिसमें शासन की ओर से उद्यमियों को दी जाने वाली सुविधाएं और उनकी समस्याओं पर चर्चा हुई।
बस्ती मंडल के कमिश्नर अखिलेश सिंह ने कहा कि उद्यमियों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने पाएंगी। सरकार की योजना के अनुसार निवेशकों के लिए अनेक प्रकार की सुविधाएं दी जा रही हैं। औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद की समस्याओं को शीघ्र दूर कराया जाएगा। सड़क, बिजली एवं जल निकासी की समस्या को दूर कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जिससे उद्यमियों को कोई असुविधा न हो। आईजी आरके भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के सुधार से उद्यमी एवं निवेशकों को काफी सहूलियतें मिली हैं, फिर भी किसी उद्यमी को किसी असामाजिक तत्वों से किसी भी प्रकार की कोई परेशानी हो रही हो बेझिझक बता सकता है। आज प्रदेश में माफिया का सफाया हो जाने से उद्यमियों से गुंडा टैक्स की वसूली बंद हो हुई है। जिससे उद्यमियों को भय मुक्त हो कर अपना उद्यम चलाना चाहिए। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि इस जनपद के विकास के लिए जो भी जरूरी होगा, उसको पूरा किया जाएगा। जिले में उद्यमियों को उद्यम लगाने और चलाने में कोई परेशानी नही आने दी जाएगी। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि उद्यमियों को सुरक्षा के लिए पुलिस तत्पर है। एडीएम जय प्रकाश एवं सीडीओ संत कुमार ने भी उद्यमियों को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद पाठक ने औद्योगिक विकास के लिए पिछले साल किए गए कार्यों का ब्यौरा तथा अगले वर्ष के लिए गए संकल्पों की घोषणा किया। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग राज कुमार शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा एससी पांडेय, नितीन जालान, विनय मिश्रा, आरके सिंह,घनश्याम दास गोयल, विनोद रुंगटा और सर्वदानंद पांडेय आदि उपस्थित थे।