-नाथनगर से बस्ती की दूरी 40 किमी, किराया 100 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। नाथनगर से बस्ती मुख्यालय के लिए रोडवेज बसों के न चलने से यात्री परेशान हैं। इस सड़क पर चलने वाले प्राइवेट वाहन यात्रियों से मनमाना किराया वसूल करते हैं। जिसके चलते लोग प्रतिदिन 40 किलोमीटर दूरी का 100 रुपये किराया देने को मजबूर हैं।
नाथनगर से बस्ती की दूरी कुल 40 किलोमीटर है। प्रतिदिन क्षेत्र के नाथनगर, महुली, हरिहरपुर और आसपास के गांवों के लोग बस्ती मुख्यालय के लिए सवारी गाड़ी से यात्रा करते हैं। इस सड़क पर रोडवेज बसों के न चलने से लोगों को यात्रा करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग पर चलने वाले टेंपो और जीप सवारियों को ठूंसकर बैठाने के साथ ही मनमाना किराया भी वसूल करते हैं। मजबूरी में लोग इन्हीं वाहनों के सहारे प्रतिदिन यात्रा करते हैं।
उमाशंकर शुक्ल, अनिल त्रिपाठी, विजय, रामाज्ञा यादव, प्रदीप, राज कुमार, मनीराम, विनय कुमार ने बताया कि इस सड़क पर रोडवेज बस न चलने की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी होती है। मनामाना किराया भी वसूल करते हैं। लोगों का कहना है कि यदि इस सड़क पर रोडवेज बसें चलती तो यात्रियों को कोई दिक्कत नहीं होती। लोगों ने इस रूट पर रोडवेज बसों के संचालन की मांग की है।