नवागत डीएम संदीप कुमार ने कार्यभार ग्रहण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नवागत डीएम संदीप कुमार ने रविवार को कलेक्ट्रेट के कोषागार में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कराना उनकी प्राथमिकता में है।
नवागत डीएम संदीप कुमार मूलत: गाजीपुर जनपद के रहने वाले हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय मऊ से प्रारंभिक शिक्षा लेने के बाद उन्होंने आईआईटी कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी-टेक किया। वह 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह मैनपुरी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, बदायूं एवं सीतापुर में मुख्य विकास अधिकारी तथा भदोही जिले में विकास प्राधिकरण के सीईओ के रूप में कार्य कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि शासन की नीतियों का धरातल पर क्रियान्वयन करना, सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकास परक योजनाओं, कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर लागू करना उनकी प्राथमिकता है। जनता दर्शन, संपूर्ण एवं समाधान दिवस आदि के दौरान आम जनता की समस्याओं को सुनना और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कानून व्यवस्था का बेहतर बनाया जाएगा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अभय मिश्रा, वरिष्ठ कोषाधिकारी जगनारायण झा, मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिरुद्ध कुमार सिंह, एसडीएम सदर रमेश चंद्र, डीएसटीओ नागेंद्र कुमार सिंह, सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी, ओएसडी बलदाऊ जी शर्मा आदि मौजूद रहे।