- मदरसा सुल्तानिया अशरफुल उलूम नौरो बखिरा का मामला, डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई
- 16 और 25 जुलाई की जांच में मामला उजागर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मदरसा सुल्तानिया अशरफुल उलूम नौरो बखिरा में मिड-डे-मिल में अनियमितता मिलने पर प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही विद्यालय के शिक्षकों से बेतुका बयान देने के मामले में स्पष्टीकरण तलब किया गया है। यह कार्रवाई डीएम के निर्देश पर हुई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र ने बताया कि मदरसा सुल्तानिया अशरफुल उलूम नौरो बखिरा की शिकायत मिली थी। 16 जुलाई को जांच की गई, जिसमें प्रधानाध्यापक के मदरसे में गैरहाजिर रहने और एमडीएम में प्रथम दृष्ट्या अनियमितता पाई गई थी। इसके बाद 25 जुलाई को खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय महेंद्र त्रिपाठी के साथ फिर जांच हुई तो मिड-डे-मिल योजना में अपव्यय, अनियमितता व भ्रष्टाचार पाया गया। इस दौरान प्रधानाध्यापक गौरहाजिर मिले।
प्रधानाध्यापक मोहम्मद शमीम, सहायक अध्यापक आलिया, नसरुद्दीन एवं अब्दुल रसीद से नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रधानाध्यापक मोहम्मद शमीम को निलंबित कर दिया गया। शिक्षकों द्वारा गैर जिम्मेदाराना दिए गए बयान, एमडीएम के संबंध में नियमानुसार वसूली एवं अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।