बखिरा क्षेत्र के बरईपार में बिजली को स्वतंत्र फीडर का हो रहा टेस्टींग।संवाद
संतकबीरनगर। बुनकरों को बिजली संकट से निजात मिलने की उम्मीद जग गई है। बखिरा क्षेत्र के बरईपार में बुनकरों के लिए स्वतंत्र फीडर बनकर तैयार हो गया है। एक पखवाड़े के भीतर इस फीडर को चालू किए जाने की तैयारी चल रही है। इससे करीब 50 हजार बुनकरों को बिजली संकट से राहत मिलेगी।
बखिरा क्षेत्र के अमरडोभा, लेडुआ महुआ सहित विभिन्न क्षेत्र बुनकर बाहुल्य है। बुनकरी उद्योग के जरिये यहां के लोगाें की रोजी-रोटी चलती है, लेकिन बिजली का संकट कारोबार में बाधा बना है। इसे देखते हुए बखिरा के बरईपार में छह करोड़ की लागत से उपकेंद्र बनाने का कार्य शुरू हुआ। मंशा है कि इससे बुनकरों को 24 घंटे बिजली की आपूर्ति दी जाए। यह 33/ 11 विद्युत उपकेंद्र मार्च 2023 में ही पूरा हो जाना था, लेकिन कार्य की धीमी प्रगति से बुनकरों की उम्मीदों पर पानी फिरने लगा था, लेकिन अब यह उपकेंद्र बनकर तैयार हो गया है। यहां ट्रांसफाॅर्मर आदि लगाए जा चुके हैं और ट्रायल भी शुरू हो गया है। उम्मीद है कि 15 दिनों के अंदर यह उपकेंद्र चालू हो जाएगा। इससे बुनकरों को बिजली संकट से निजात मिलेगी।
-
बरईपार में बुनकरों के लिए उपकेंद्र बनकर तैयार हो गया है। इसका ट्रायल चल रहा है। जल्द ही इसे चाूल कर दिया जाएगा। इससे बुनकरों को लाभ मिलेगा।
-सरोज कुमार, अधिशाषी अभियंता, विद्युत वितरण खंड मेंहदावल