संतकबीरनगर। गर्मी बढ़ने के साथ ही ट्रांसफार्मर हीट हो रहे हैं। ऐसे में वह ओवरलोड होकर फुंक जा रहे हैं, इससे बिजली आपूर्ति ठप हो जा रही है। हाइडिल में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर शनिवार की रात ओवरलोड हो गया, जिसके कारण खलीलाबाद शहर की बिजली रातभर ठप रही। ऐसे में उपभोक्ताओं को पूरी रात जागकर बितानी पड़ी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई जगह बिजली की आपूर्ति बाधित रही।
वर्तमान में उमस भरी गर्मी पड़ रही है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इससे लोग खासे परेशान हैं। इस बीच शनिवार की शाम को खलीलाबाद हाइडिल में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड के चलते हीट हो गया है। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
स्थिति यह रही कि शहर में रात 10 बजे बिजली आपूर्ति ठप हुई और पूरी रात बिजली नहीं आई है। रविवार की सुबह 10 बजे तक लोग बिजली का इंतजार करते रहे। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण सुबह लोगों को पानी की दिक्कतें उठानी पड़ीं, जबकि भीषण गर्मी में पूरी रात लोगों ने जागकर बिताई। कारण यह कि बिजली न रहने से पंखा, कूलर बेकार हो गए। जिन लोगों ने इनवर्टर लगाया है, उनके इनवर्टर भी चार्ज नहीं हो सके। विद्युत निगम कर्मियों की मानें तो ओवरलोडिंग के चलते ट्रिपिंग की समस्या हो रही है।
000000000000000000000000000000
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बनी हुई दिक्कत
शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली का संकट बना हुआ है। शनिवार की शाम को मगहर कताई मिल फीडर से खराबी के चलते इस फीडर से जुड़े करीब 150 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात करीब 12 बजे खराबी दूर होने के बाद बिजली की आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे पंखा, कूलर बेकार साबित हो रहे हैं। जिन लोगों के घरों की छतों पर पानी की टंकी रखी हुई है, वह खाली हो गई है, जिससे पानी का संकट भी खड़ा हो गया है।
क्षेत्र में गड़सरपार, सेमरी, लक्ष्मीपुर निचौरा, बरईपार, सहसरावमाफी, नहसापार, केरमुआ माफी, चकदही, दुबौली आदि क्षेत्रों के उपभोक्ता लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। विद्युत उपभोक्ता दिनेश कुमार, रविंद्र यादव, धर्मेंद्र निषाद आदि ने कहा कि बार-बार बिजली आपूर्ति ठप हो रही है। इसके साथ ही लो- वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
00000000000000000000000000000000000
गर्मी बढ़ने के साथ ही ओवरलोड की समस्या आ रही है। इसके कारण 10 एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर हीट हो गया। ट्रांसफॉर्मर को ठीक करा दिया गया और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
-अमित सिंह, अवर अभियंता