मेंहदावल। क्षेत्र के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई है। दो दिनों से तेज हवा को वजह बताकर सुबह से देर शाम तक बिजली आपूर्ति बंद कर दी जा रही है। इससे उमस भरी गर्मी में उपभोक्ता खासे परेशान हैं।
मेंहदावल विद्युत वितरण खंड क्षेत्र में दो दिनों से बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। सुबह 9 से 10 बजे बजते ही ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति गुल हो जा रही है। देर शाम को जब आपूर्ति शुरू होता है तो पुन: कटौती का खेल शुरू हो जाता है। तेज धूप में गर्मी प्रचंड के चलते हर कोई गर्मी से निजात पाने के लिए बिजली आने का इंतजार करता है, लेकिन कटौती गर्मी से परेशान विद्युत उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है।
निगम के अधिकारी दो दिन की कटौती की वजह दिन में तेज हवा का चलना बता रहे हैं। यह बात उपभोक्ताओं को हजम नहीं हो रही है, क्योंकि शाम पांच बजे के बाद तेज हवा बंद होने के बावजूद विद्युत आपूर्ति सात बजे के बाद शुरू होती है। इस बीच रात्रि 10 बजे तक बिजली की आवाजाही का खेल चलता रहता है।
देर रात में भी विद्युत आपूर्ति कई बार बाधित हो रही है। इसके कारण लोगों को रतजगा करना पड़ रहा है। विद्युत उपभोक्ता आनंद पांडेय, उमेश पांडेय, रामसमुझ यादव, मुकुल यादव, राम दरस आदि लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में लगातार सुबह से लेकर देर रात तक विद्युत कटौती हो रही है। यही हाल शहर में भी है। दो दिनों से सुबह से ही विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। एक तरफ लोग गर्मी से निजात पाने के लिए पंखा कूलर का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं, तो दूसरी तरफ बिजली कटौती के कारण दिन में पानी की टंकियां सूख जा रही हैं या तेज धूप के कारण उनमें भरा पानी ही उबलने लगता है।
लोगों ने कहा कि यदि आपूर्ति सुचारू रूप से मिलती तो कम से कम मोटर चला कर प्यास बुझाने के लिए ठंडा पानी तो मिल ही जाता। जिम्मेदार शिकायतों के बाद भी उदासीन बने हुए हैं। वहीं अवर अभियंता सनी देओल प्रताप का कहना है कि दिन में तेज हवा चलने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। साथ ही लोकल फाल्ट की समस्या भी बढ़ गई है। मौसम अनुकूल होते पर विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से चलेगी। जितनी विद्युत आपूर्ति सब स्टेशन को उपलब्ध हो रही है, उसकी आपूर्ति करने में कोई दिक्कत परेशानी नहीं है। केवल तेज हवा ही विद्युत कटौती का कारण है।