संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में सीमा में पड़ने वाली हाईवे बदहाल हो गई। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो खतरनाक हो गए हैं। इससे सफर मुश्किल हो गया है। प्रशासन ने सड़काें को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए थे, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है। सबसे ज्यादा दिक्कत गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले लेन पर है।
टेमा रहमत से मगहर ओवरब्रिज तक करीब 25 किलोमीटर का क्षेत्र जिले की सीमा में पड़ता है। बारिश व बड़े वाहनों की आवाजाही के चलते हाइवे पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। कुछ जगह तो इस कदर सड़क टूट गई कि एक फीट तक गड्ढे बन गए हैं। जिससे वाहन का पहिया गड्ढो में पड़ने से यात्रियों की सांसें अटक जा रही हैं। स्थिति यह है कि शहर से सटे बरदहिया ओवरब्रिज के पास सड़क पूरी तरह से बदहाल है, जबकि सरौली के पास भी जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं।
मेंहदावल बाईपास के पास भी टूटी सड़क
मेंहदावल बाईपास के पास भी सड़क टूट गई है। ऐसी ही स्थिति कई जगह बनी हुई है। कुछ दिनों पूर्व प्रशासन ने बैठक कर हाइवे को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। हाईवे से होकर गुजरने वाले महेंद्र त्रिपाठी, आदित्य आदि ने कहा कि हाईवे पर सफर मुश्किल हो गया है। गड्ढों के कारण कभी भी हादसा हो सकता है। ऐसे में सड़क की मरम्मत कराया जाना जरूरी है।
हाईवे सहित अन्य सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। 10 अक्तूबर तक सड़क गड्ढा मुक्त करने के शासन के भी निर्देश हैं। जल्द ही सड़क को गड्ढा मुक्त करा दिया जाएगा। इससे लोगों को आने-जाने में होने वाली परेशानी दूर हो जाएगी।
- महेंद्र सिंह तंवर, डीएम