- नगर पालिका कर्मचारी ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर
- पुलिस ने गोरखपुर के आरोपी पर शुरू की कानूनी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर के मेंहदावल बाईपास के फ्लाइओवर की दीवार पर मिशन शक्ति से संबंधित चित्र पर निजी प्रतिष्ठान का पोस्टर चस्पा करने के मामले में केस दर्ज हुआ। नगर पालिका के कर्मचारी ने मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने गोरखपुर जनपद के आरोपी पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मेंहदावल बाईपास फ्लाइओवर की दीवार पर पोस्टर चस्पा करने के मामले कोतवाली पुलिस को नगरपालिका कर्मचारी ने तहरीर दी है। पुल का रंग रोगन व सफाई का काम कराया जा रहा है। मिशन शक्ति से संबंधित महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और कानूनी प्रावधानों के संबंध में बनाए गए चित्रों पर गैरकानूनी तरीके से सोनू यादव पुत्र राधेश्याम यादव निवासी बिजौवा थाना सहजनवां जनपद गोरखपुर ने अपने प्रतिष्ठान का पोस्टर चस्पा कर दिया। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद में कार्यरत कर्मचारी सुधीर कुमार पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम निवासी पठानटोला की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया।
मेंहदावल बाईपास पर बिना अनुमति के नियम का उल्लंघन करते हुए मिशन शक्ति से संबंधित चित्र पर पोस्टर चस्पा करने का मामला सामने आया है। नगर पालिका के कर्मचारी से तहरीर प्राप्त कर आरोपी पर केस दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी से चित्रों को क्षति पहुंचाने पर नियमानुसार क्षतिपूर्ति भी वसूल की जाएगी।
- ब्रजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी