संतकबीरनगर। निकाय चुनाव की आचार संहिता रविवार शाम लागू हो गई। इसके साथ ही प्रशासन सार्वजनिक जगहों से पोस्टर-बैनर हटवाने में जुट गया।
आचार संहिता लागू होते ही नगर पालिका परिषद सक्रिय हो गया। एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव के आदेश पर नगर पालिका के कर्मचारी शहर की सभी सड़कों से पोस्टर-बैनर हटाने में जुट गए। देर रात तक समय माता मंदिर चौराहा, बैंक चौराहा, आजाद चौक, मेंहदावल चौक, मुखलिसपुर चौराहे आदि जगहों पर नगर पालिका के कर्मचारी पोस्टर-बैनर हटाने में लगे रहे।
प्रदेश में लागू आचार संहिता के पालन के क्रम में संतकबीरनगर जिला प्रशासन भी पूरी तैयारी के साथ जुटा है। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के बाद किसी भी सार्वजनिक स्थान पर प्रचार के लिए पोस्टर बैनर नहीं लगाए जा सकते। इसका पालन सभी को करना होगा।