संतकबीरनगर। थोक मंडी में बेहद ही कम कीमतों पर बिकी हरी सब्जियों के दाम बाजार में आने के बाद कॉलोनियों के हिसाब से बदल जाते हैं। देखा जाए तो जितनी वीआईपी कॉलोनी होती हैं, उसके आस-पास लगने वाली दुकानों पर सब्जियां उतनी ही महंगी बिकती हैं।
सरैया स्थित नवीन मंडी में स्थानीय सब्जियों की आवक इन दिनों खूब हो रही है। इसलिए थोक मंडी में दाम भी बहुत कम हैं, लेकिन जैसे ही ये सब्जियां थोक मंडी से निकलकर फुटकर दुकानदारों के माध्यम से बाहर आती हैं, तो इनकी कीमतें भी जगह से हिसाब से अलग-अलग हो जाती है। स्थानीय सब्जियों पर फुटकर दुकानदारों का मुनाफा न्यूनतम दो गुना तो अधिकतम छह गुना तक पहुंच जाता है।
-
अंसार टोला
शहर का पुराना क्षेत्र होने के कारण यहां आसपास कोई पॉश कालोनी या अपार्टमेंट नहीं हैं। ऐसे में यहां सब्जियों की कीमत भी अन्य जगहों से कम थी। आजाद चौक से मेंहदावल बाईपास के बीच सड़क के किनारे लगने वाली सब्जी की दुकानों पर परवल 80 रुपये, करैला 60 रुपये, टमाटर 20 रुपये , भिंडी 100 रुपये, गोभी 30 रुपये, लौकी 40 रुपये और कद्दू 20 रुपये बिक रहे थे।
-
बंजरिया
बात करें शहर के पॉश इलाके बंजरिया क्षेत्र की तो शहर में सबसे महंगी सब्जियां में बिकती मिलीं। यहां परवल 100 रुपये, भिंडी 120 रुपये, करैला 80 रुपये, टमाटर 30 रुपये, गोभी 40 रुपये, लौकी 50 रुपये, कद्दू 30 रुपये किलो था।
सब्जियां जल्दी होती हैं खराब
नेहरू चौक पर सब्जी लगाने वाले चैतू प्रसाद ने बताया कि हरी सब्जियां अधिकतम दो दिनों तक ही रुक पाती हैं। इसके बाद खराब होने लगती हैं। कुछ सब्जियां तो सिर्फ एक दिन ही होती है। ऐसे में हरी सब्जियों पर हमें अधिक मुनाफा रखकर बेचना पड़ता है।
-
अंसार टोला
सब्जी की दुकान लगाने वाले हरीश चंद्र ने बताया कि थोक मंडी में हमें सब्जियां छांटने को नहीं मिलती हैं। मंडी से सब्जी लाने के बाद हम घर पर उन्हें दो श्रेणियों में बांटते हैं। एक श्रेणी में छोटी और टेढ़ी- मेढ़ी सब्जियां रखते हैं, तो वहीं दूसरी श्रेणी में बड़ी और अच्छे दिखने वाली सब्जियां।
मेंहदावल बाईपास
जिला अस्पताल के बीच कई नई कालोनियां बसी हैं। इसके साथ ही इस रोड पर कई स्थान पर सब्जी की दुकानें लगी हैं। यहां सब्जियों की कीमत काफी ज्यादा थी। यहां परवल 100 रुपये, गोभी 40 रुपये, करैला 80 से 100 रुपये, भिंडी 100 रुपये, टमाटर 30 रुपये, लौकी 50 रुपये, कद्दू 40 रुपये बिक रहे थे। शहर के पॉश इलाके औद्योगिक क्षेत्र में भी सब्जियों की कीमत लगभग यही थी।
-
सब्जी के थोक भाव (प्रति किलो)
परवल 65-70
भिंडी 50- 60
करेला 55-60
टमाटर 8-10
लौकी 10-12
बैगन 8-10
आलू 6-7
मटर 40-45