मेंहदावल। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को जनता वैदिक महाविद्यालय में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन हुआ, जिसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लोगों के सामने रखते हुए बखान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का नौ साल बेमिसाल रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है। जिस विश्वास व अपेक्षा के साथ जनता ने केंद्र में मोदी सरकार बनाने में योगदान दिया, उसी जन अपेक्षा पर खरा उतरते हुए केंद्र की मोदी सरकार सबका साथ सबका विकास के सपने को साकार किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज कायम करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। आज यह कहा जा सकता है कि उत्तर प्रदेश की सरकार भयमुक्त समाज की स्थापना करने में सफल हुई है।
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, नि:शुल्क उज्ज्वला गैस कनेक्शन योजना, नि:शुल्क गांव में शौचालय निर्माण योजना, अटल बिहारी बाजपेयी पेंशन योजना, किसान सम्मान निधि योजना समेत कई ऐसी योजनाएं केंद्र सरकार संचालित कर रही है, जिसका लाभ सीधे जनता को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज का हर वर्ग खुशहाल एवं विकास का मार्ग तय कर रहा है। गैर भाजपा सरकारों ने अपने शासनकाल में रोटी कपड़ा मकान के नाम पर जनता का सिर्फ शोषण किया, लेकिन नौ वर्ष के कार्यकाल में केंद्र सरकार ने समाज के हर तबके के विकास व उत्थान के लिए कार्य किया है।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव, पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद राय, राजेश सिंह, श्याम करण सिंह, अत्रि मुनि राय, अरुण सिंह, आशीष सिंह, शक्ति मणि त्रिपाठी ,सेतभान राय, संदीप तिवारी आदि मौजूद रहे।