- भारत बंद के दौरान धनघटा चौराहे पर अराजक तत्वों ने दुकानों में की थी तोड़फोड़
- सीसीटीवी फुटेज से उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। 21 अगस्त को भारत बंद के दौरान धनघ्ज्ञटा क्षेत्र में दुकान पर तोड़फोड़, मारपीट और लूट का प्रयास करने वाले 100 उपद्रवियों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज को कब्जे में ले लिया है। इसके माध्यम से पुलिस उपद्रवियों की पहचान करने में जुट गई है।
दुकानदार उदयराज निवासी धौरहरा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर उनकी जूता व चप्पल का प्रतिष्ठान है। 21 अगस्त को भारत बंद के आह्वान व जुलूस के साथ कुछ उपद्रवी जिनकी संख्या 100 के करीब रही, उन लोगों ने दुकान में जबरन घुसकर सीसीटीवी कैमरा, पंखा और बोर्ड तोड़ दिया। दुकान का सामान लूटने की कोशिश की। दुकान का सामान तितर-बितर कर दिया। मना करने पर गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथापाई की और मारपीट पर उतारू हो गए। इसके अलावा फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी।
इस घटना से उनकी आर्थिक क्षति हुई। साथ ही सामाजिक प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है। पूरी घटना प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
दुकानदार की तहरीर पर 100 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी कैमरे में उपद्रव करने वालों की पहचान शुरू कर दी गई है।
- अजय सिंह, सीओ, धनघटा