संतकबीरनगर। पुलिस भर्ती परीक्षा में साल्वर गैंग के सरगना की तलाश के लिए पुलिस टीम ने गैर जनपद के तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस टीम उनसे गहन पूछताछ कर रही है। इनपुट के आधार सरगना की तलाश में छापेमारी की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द से जल्द बिहार से संचालित होने वाले साल्वर गैंग का सरगना समेत अन्य भी पुलिस गिरफ्त में आ जाएंगे।
जिले में 17 व 18 फरवरी को आयोजित हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में सेंधमारी का प्रयास करने वालों की धर पकड़ के लिए पुलिस हर हथकंडा अपना रही है। बिहार से आए दोनों साल्वरों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने गैर जनपद से तीन संदिग्ध बिचौलियों को अपने गिरफ्त में लिया है। उनसे एसओजी एवं सर्विलांस टीम सघन पूछताछ कर रही है। पुलिस हिरासत में आए संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। जिस पर पुलिस टीम ने अपना काम और तेज कर दिया है।
बिहार से संचालित होने वाले साल्वर गैंग में काफी तेज-तर्रार लड़के काम कर रहे हैं। सरगना उन्हीं की मदद से लाखों रुपये में डील करके अभ्यर्थियों के स्थान पर पेपर देने के लिए भेजता है। संदिग्धों से हुई पुलिस पूछताछ में कई नाम सामने आएं हैं। जिसको सत्यापित करने के लिए पुलिस टीम काम कर रही है। इसके अलावा सरगना के तलाश के लिए उसके सभी संभावित ठिकानों को भी ट्रेस करने का काम तेज हो रहा है।
पेपर देने आए बिहार के साल्वरों से हुई हुई पूछताछ में कुछ इनपुट मिला है। जिस पर पुलिस टीम काम कर रही है। कुछ और नाम भी प्रकाश में आएं है। जिसे सत्यापित करने का भी काम किया जा रहा है।
ब्रजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी