संतकबीरनगर। पुलिस कर्मी सावधान हो जाएं, रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी की आकास्मिक जांच हो सकती है। जांच में गश्त और पिकेट से अनुपस्थित मिलने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई तय है। एसपी ने अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर मेंहदावल थाने के एक सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं रात्रि गश्त और पिकेट की जांच के लिए स्पेशल टीम बनाई है।
मेंहदावल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर की गई पड़ताल पर 24 मई के अंक में अमर उजाला में अंधेरे के आगोश में शहर, खर्राटे लगा रही पुलिस शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। जबकि बेलहर कला क्षेत्र में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गई पड़ताल 26 मई के अंक में सोते मिले पुलिस कर्मी, होमगार्ड के हवाले थी पिकेट की सुरक्षा शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। मेंहदावल और बेलहर कला थाने की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गई पड़ताल 28 मई के अंक में रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी में मेंहदावल पुलिस सतर्क, बेलहर पुराने ढर्रे पर कायम शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। एसपी सत्यजीत गुप्त ने बताया कि अमर उजाला में छपी सुरक्षा व्यवस्था की खबर का संज्ञान लेकर ड्यूटी के प्रति लापरवाह मेंहदावल थाने के सिपाही आदित्य सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
इसके साथ एसओ बेलहर कला से सवाल -जवाब किया गया है। रात्रि गश्त और पिकेट की जांच के लिए स्पेशल टीम गठित की है। उनकी टीम आकस्मिक तौर पर किसी भी थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी। गश्त और पिकेट ड्यूटी से अनुपस्थित मिलने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।