मगहर। रक्षाबंधन पर्व को लेकर शुक्रवार को मगहर पुलिस चौकी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने पैदल मार्च कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की। चौकी इंचार्ज विनोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मगहर चौकी से काजीपुर चौराहे तक पैदल गश्त की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहनों का ई-चालान कर कुल पांच हजार रुपये सम्मन शुल्क वसूला गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर लोगों में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए पैदल गश्त और वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के साथ ही तीन सवारी, मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना हेलमेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर पांच वाहनों का ई-चालान किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। संवाद