- चोरी का सामान बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने शुक्रवार को एक चोर को दबोचा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। शहर में हुई दो चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर कानूनी कार्रवाई करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
कोतवाल ब्रजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि प्रदीप कुमार निवासी मुखलिसपुर थाना महुली ने सूचना दिया था कि जिला चिकित्सालय परिसर में इलाज के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से 11 हजार रुपये चोरी कर लिए। इसी तरह कोरियर कंपनी के मैनेजर विनीत कुमार पांडेय निवासी बनियाबारी थाना कोतवाली खलीलाबाद ने मड़या चौराहा स्थित ऑफिस का पिछला दरवाजा तोड़कर सामान चोरी करने व कंप्यूटर माॅनीटर तोड़ने की सूचना दी थी। दोनों मामलों में पुलिस केस दर्जकर आरोपी की तलाश कर रही थी।
पुलिस टीम ने चोरी की तीन जोड़ी चप्पल, एक जोड़ी शूज, एक सनग्लास, 10 पेन व एक जोड़ी इयरबड्स व 670 रुपये नकद के साथ आरोपी मनीष यादव पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र यादव निवासी मेंहदावल बाईपास ट्यूबवेल काॅलोनी मोतीनगर को एचआर पीजी काॅलेज के आगे हाईवे तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी मनीष ने बताया कि 29 जनवरी की रात में मड़या चौराहे के पास एक कोरियर कंपनी में चोरी किया था। आरोपी से बरामद रुपये के संबंध में जानकारी लेने पर पाया गया कि तीन महीने पहले जिला अस्पताल खलीलाबाद से एक व्यक्ति की जेब से 11 हजार रुपये चोरी किया था।