एटीएम से छेड़छाड़ कर रकम निकालने वाले गिरफ्तार
- पुलिस ने शाखा प्रबंधक की मदद से दो आरोपियों को पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एटीएम से छेड़छाड़ करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शाखा प्रबंधक की सूझबूझ से पुलिस को सफलता मिली है। दोनों के पास से दो एटीएम कार्ड व 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
सीओ अंशुमान मिश्र ने बताया कि एसबीआई बघौली के शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने कोतवाली में सूचना दी कि कुछ दिनों में उनके शाखा से संबद्ध एटीएम में कुछ संदिग्ध लेनदेन प्रकाश में आया है। जिसकी सीसीटीवी फुटेज की जांच उनके द्वारा की गई तो एटीएम में ट्रांजेक्शन में कुछ अनियमितताएं पाई गईं। 17 सितंबर को सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से एटीएम से पैसा निकाल रहे व्यक्तियों की मानीटरिंग की जा रही थी। लगभग 3:10 बजे दो संदिग्ध व्यक्ति एटीएम में प्रवेश किए। जिनके द्वारा एटीएम से पैसा निकालने के दौरान मशीन से छेड़छाड़ करते हुए किसी दूसरे व्यक्ति के एटीएम कार्ड से दस हजार रुपये निकाल लिया गया।
शाखा प्रबंधक की सूचना पर दोनों व्यक्तियों को मौके पर पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान आलोक सिंह और रघुनाथ सिंह निवासी मल्लचौर थाना परसपुर जनपद गोंडा के रूप में हुई है। उनके पास से दो एटीएम कार्ड व 10 हजार रुपये नकद बरामद हुआ है। आरोपियों पर केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया।