खाते से पैसा निकालने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
- पकड़े गए आरोपियों के पास लैपटॉप, नकदी व अन्य सामान बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां (संतकबीरनगर)। दुधारा क्षेत्र के देवापार गांव में दो महिलाओं से धोखाधड़ी करके पैसा निकालने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से नकदी, लैपटॉप आदि सामग्री बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज करते हुए बुधवार को जेल भेज दिया गया।
मंगलवार की शाम देवापार निवासी जासमती पत्नी राम वृक्ष के खाता से बीस हजार रुपये और शकुंतला देवी पत्नी सुग्रीम के खाता से दस हजार रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिया गया। खाता से पैसा निकाले जाने पर महिलाओं ने पुलिस को सूचना दी। कार से पैसा लेकर भाग रहे पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
चौकी इंचार्ज बाघनगर रजनीश राय ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुलदीप कुमार, अंकित कुमार निवासी बारादौलतपुर थाना घाटमपुर जनपद कानपुर नगर और राघवेंद्र सोनकर निवासी गजनेर थाना गजनेर जनपद कानपुर देहात के रुप में हुई है।
इनके पास से वीडियो कैमरा, तापमान मापक, ओटीजी कनेक्टर, पल्स रीडिंग मीटर, सिम कार्ड, ब्लड ग्लूकोमीटर, बायोमैट्रिक डिवाइस, माइक, चार डिवाइस चार्जर, आधारकार्ड, चार अदद प्रेस आईडी कार्ड आदि सामग्री बरामद किए गए हैं।
आरोपी खुद को एक न्यूज चैनल का रिपोर्टर भी बता रहे हैं। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे सीधे-साधे लोगों को श्रमकार्ड बनाने, आधार कार्ड बनाने, कोरोना का टीका लगवाने आदि के नाम पर धोखाधड़ी करते थे। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया।