- उमस भरी गर्मी में परेशान रहे लोग, जिला अस्पताल के ट्रांसफार्मर में आई खराबी, वैकल्पिक व्यवस्था से आपूर्ति दी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। रविवार सुबह 10 बजे गांधीनगर में बिजली का जर्जर पोल टूट कर गिर गया, जिसके कारण मोहल्ले में सात घंटे बिजली गुल रही। दूसरी तरफ जिला अस्पताल के ट्रांसफार्मर में खराबी आने से थोड़ी देर के लिए दिक्कत आई, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली आपूर्ति चलती रही।
वैसे तो शहर में पुराने व जर्जर तार और पोल बदलने के लिए कार्य चल रहा है। जिसके कारण बीच-बीच में बिजली कटौती की जा रही है। इस बीच रविवार को सुबह करीब दस बजे गांधीनगर में लगा जर्जर बिजली का पोल टूट कर गिर गया, जिसके कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी से परेशान होना पड़ा। मौके पर पहुंचे बिजलीकर्मियों ने मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की तो लोगों ने राहत की सांस ली।
दूसरी तरफ जिला अस्पताल परिसर को बिजली आपूर्ति देने के लिए लगा ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया। इसके कारण कुछ देर के बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आपूर्ति बहाल रखी, जिससे मरीजों और तीमारदारों को राहत मिली। बाद में ट्रांसफार्मर भी ठीक करा दिया गया।
जर्जर पोल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक करा दिया गया है। साथ ही शहर में एबी केबल और पोल लगाने का कार्य भी चल रहा है। जल्द ही उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
- अमित सिंह, अवर अभियंता