संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। एसबीआई की शाखा धनघटा में प्रवेश करने के पहले बैंक ग्राहकों को ऊंची कूद का अभ्यास करना पड़ रहा है। जरा सा पैर फिसला तो घायल होना तय है।
राम जानकी मार्ग के चौड़ीकरण और नाला निर्माण के लिए एनएच ने गड्ढे की खोदाई करने के बाद काम पूरा होने के बावजूद खाली पड़े गड्ढे में मिट्टी भरना मुनासिब नहीं समझा। इसका नतीजा है कि धनघटा में दुकानदारों के मकान के सामने कहीं-कहीं अभी गड्ढे पड़े हुए हैं। अधिकतर दुकानदार स्वत: गड्ढे में मिट्टी डालकर अपने मकान में आ जा रहे हैं।
भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के सामने खोदा गया गड्ढा अभी ज्यों का त्यों पड़ा हुआ है। इसके कारण बैंक में प्रवेश करते समय बैंक कर्मी हो या आम उपभोक्ता सबको काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को बैंक पर आए उपभोक्ता रामदयाल, रामसेवक, मनीष, फूलमती, रामदुलारी आदि का कहना था कि बैंक के सामने इस तरह का गड्ढा ठीक नहीं है। बैंक में प्रवेश करने के लिए किसी न किसी का हाथ पकड़ कर सहारा लेना पड़ रहा है।
शाखा प्रबंधक अनुपम कुमार का कहना है कि बैंक के सामने खराब किए गए रास्ते को ठीक करने के लिए कार्यदायी संस्था के ठेकेदार और जेई से कई बार कहा गया। लेकिन वे लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं।