- मेंहदावल कस्बे में ईद-मिलादुन्नबी पर लगाया गया था बैनर
- भाजपा और हिंदू संगठनों की शिकायत पर की गई कार्रवाई
- बैनर लगाने के आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल (संतकबीरनगर)। कस्बे के एक मोहल्ले में बारावफात के दिन बैनर पर दो पाकिस्तानी मौलाना की तस्वीर लगाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें एक आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह और दो अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया है।
मेंहदावल के हरदीहट्टा मोहल्ले में सोमवार को ईद-मिलादुन्नबी पर बैनर लगाया गया था। आरोप है कि बैनर पर दो पाकिस्तानी मौलाना के फोटो भी लगाए गए थे। इस मामले में भाजपा के जिला मंत्री अरुण सिंह और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने एसओ और एसपी से शिकायत की। इसके बाद एसपी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज किया।
मेंहदावल थाने के एसआई अनिल प्रकाश पांडेय ने तहरीर में कहा है कि 16 सितंबर को वह मेंहदावल में डयूटी पर थे। ठठराही मोहल्ले में पहुंचे तो देखा कि सड़क के किनारे बैनर लगा है जिस पर असदुद्दीन ओवैसी, मुफ्ती सलमान अजहरी और पाकिस्तान के मौलाना कादिम हुसैन रिजवी पाकिस्तानी मौलवी, पाकिस्तान के ही मौलाना पीर अजमल कादरी का फोटो लगा हुआ है। तहरीर में कहा है कि दोनों पाकिस्तानी मौलवी भारत की संप्रुभता, एकता एवं अखंडता को खतरे में डालने वाले वक्तव्य देते रहे हैं। उनके शब्दों से माहौल बिगड़ने का अंदेशा रहता है।
अनिल ने तहरीर में बताया है कि जांच की गई तो पता चला कि एक बाल अपाचारी, अमजद पुत्र अब्दुल रहमान कादरी और आलम उर्फ पुतुल पुत्र आलमगीर उर्फ गब्बू निवासी हरदी हट्टा मेंहदावल ने मिल कर जान-बूझकर बैनर लगाया था। आरोप है कि यह बैनर सौहार्द बिगाड़ने और राष्ट्रीय संप्रभुता को खतरे में डालने के उद्देश्य से लगाया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, देश विरोधी कार्य करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। गिरफ्तार दो आरोपियों को जेल और एक बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
पुलिस ने गूगल पर सर्च कर मौलाना के बारे में ली जानकारी
मेंहदावल में बैनर पर पाकिस्तानी मौलाना का फोटो लगाने के मामले में पुलिस ने गूगल पर सर्च कर मौलाना के बारे में जानकारी ली। एसपी ने बताया कि आईटी टीम ने गूगल के जरिये सर्च किया तो पता चला कि बैनर पर लगे दो फोटो पाकिस्तान के रहने वाले मौलाना के हैं। सीओ मेंहदावल केशवनाथ ने बताया कि तीन आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। विवेचना में जो तथ्य निकलकर आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेंहदावल में एक बैनर लगाया गया था, जिसमे दो पाकिस्तानी मौलाना के भी फोटो लगाए गए थे। यह धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश थी। पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और एसआई की तहरीर पर बैनर लगाने वाले तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
- सत्यजीत गुप्त, एसपी