रोसयाबाजार। पौली चौराहे पर सुबह होते ही बंदरों का आतंक शुरू हो जाता है। जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। पौली, दुल्हापार, रामपुर, रोसया बाजार, गोविंदगंज, रामपुर चौराहे पर दुकानदारों को पूरे दिन अपने दुकानों पर चौकन्ना रहना पड़ता है।
दुकानदार धर्मवीर, प्रहलाद, गुंजल, शेषनाथ, बद्रीनाथ, राधेश्याम, जियालाल, बैजनाथ, महताब आलम आदि का कहना है कि बंदरों की टोली कब आकर दुकान पर हमला कर दें पता नहीं रहता है। इसलिए पूरे दिन ग्राहक के बजाय बंदरों पर निगाह जमाए रखना पड़ता है। पिछले सप्ताह कई लोगों को बंदरों ने काट कर घायल कर दिया। लोगों का कहना है कि वन विभाग के अधिकारियों को इस कि सूचना कई बार दी गई, इसके बाद भी विभागीय अधिकारियों को कोई असर नही पड़ा। ग्रामीणों ने आलाधिकारियों से बंदरों को पकड़वाने की अपील की है।