संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा/ रोसया बाजार। विकासखंड पौली की ग्राम पंचायत छितौनी में बगैर इंटरलॉकिंग कार्य कराए तीन लाख रुपये का भुगतान कराने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में बीडीओ ने ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक को नोटिस भेजकर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बीडीओ श्वेता वर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत छितौनी में वित्तीय वर्ष 2022-23 में मनरेगा योजना के अंतर्गत सरोजा देवी के छप्पर से राजाराम के खेत तक 3,06344 रुपये से इंटरलॉकिंग कार्य प्रस्तावित था। परियोजना पर कार्य ना के बराबर कराया गया और भुगतान पूरा ले लिया गया है। यह सरकारी धन का दुरुपयोग प्रतीत होता है। ऐसे में तत्कालीन ग्राम प्रधान अनिल जायसवाल, ग्राम पंचायत अधिकारी रमाकांत और तकनीकी सहायक सत्येंद्र कुमार को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं रहा तो इन लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।