-शासन ने सड़क निर्माण को दी मंजूरी, 6.73 करोड़ की पहली किस्त जारी
- 100 से अधिक गांवों के लोगों की यात्रा होगी सुगम
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बदहाल हो चुके पायलपार- भुवरिया मार्ग पर यात्रा सुगम बनाने के लिए 29.28 करोड़ की लागत से चौड़ीकरण व सुदृढीकरण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने बजट की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रथम किस्त के रूप में 6,73,61,000 रुपये अवमुक्त कर दिए हैं। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर सड़क का निर्माण शुरू होगा। इससे क्षेत्र के करीब 100 से अधिक गांवों के लोगों की लंबे समय से आवागमन की समस्या का निदान हो सकेगा।
खलीलाबाद विकास खंड के पायलपार से भुवरिया की दूरी करीब नौ किलोमीटर है। वर्तमान में यह मार्ग जर्जर हो चुका है। जगह- जगह बड़े- बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में सड़क पर हुए गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र के लोग काफी समय से सड़क की मरम्मत की मांग करते आ रहे थे, अब शासन ने इस मार्ग की सुध ली है।
नाबार्ड वित्त पोषित आरआईडीएफ-29 योजनांतर्गत पायलपार से भुवरिया मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की शासन ने स्वीकृति प्रदान की है। इस सड़क के चौड़ीकरण पर 29.28 करोड़ एक हजार रुपये बजट आवंटित किया गया है। इसके साथ ही सड़क के चौड़ीकरण के लिए प्रथम किस्त के रूप में छह करोड़ 73 लाख 61 हजार रुपये अवमुक्त कर दिया है।
इस संबंध में अनु सचिव उत्तर प्रदेश शासन शिव कुमार ने प्रमुख अभियंता विकास एवं विभागाध्यक्ष लोक निर्माण विभाग को पत्र के जरिये जानकारी देते हुए कदम उठाने को कहा है।
सिंगल लेन है सड़क मार्ग, झेलनी पड़ रही परेशानी
पायलपार से भुवरिया मार्ग की कुल लंबाई करीब नौ किलोमीटर है। यह सड़क मार्ग अभी सिंगल लेन है और काफी जर्जर हो चुका है। जो बड़े वाहन खलीलाबाद कस्बे से होकर नहीं जाना चाहते हैं, वह बस्ती से धनघटा की ओर आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। जो काफी मुश्किल हो गया है। कारण यह है कि बरसात में सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सड़क और गड्ढे का अंतर कर पाना संभव नहीं है।
क्षेत्र के निवासी अजय शर्मा, कृष्णकांत, राजेश कुमार आदि ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण काफी दिक्कत हो रही है। सड़क के चौड़ीकरण से आसपास के गांवों के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
पायलपार-भुवरिया मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराए जाने के लिए शासन की मंजूरी की जानकारी मिली है। शासन की मंशा के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-राकेश पांडेय, अधिशासी अभियंता, लोनिवि