-10 किलोमीटर दूरी का किराया देना पड़ता है 30 रुपये
हरिहरपुर। नाथनगर से काली जगदीशपुर को जाने वाली सड़क पर रोडवेज बसों का संचालन न होने से रोजाना यात्रियों की जेब ढीली हो रही है। महज दस किलोमीटर दूरी का किराया निजी वाहन चालक तीस रुपये वसूल रहे हैं। इस सड़क से होकर आने-जाने वाले राहगीरों ने रोडवेज बस के संचालन की मांग की है।
नाथनगर से काली जगदीशपुर होते हुए पीड़िया के रास्ते गोरखपुर जिले को जोड़ने वाली सड़क पर रोडवेज बसों के न चलने से आसपास के कई गांवों के रहने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस सड़क पर चलने वाले प्राइवेट वाहन चालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल करते हैं। आए दिन किराए को लेकर वाहन चालकों और यात्रियों से झड़प होती है। काली जगदीशपुर और आसपास के कई गांवों के सैकड़ों लोग प्रतिदिन इस सड़क से होकर नाथनगर ब्लाॅक और जिला मुख्यालय आते-जाते हैं। काली जगदीशपुर और आसपास के गांवों के लोगों को तब मुश्किलों का सामना करना पड़ता है जब नाथनगर पहुंचने पर शाम हो जाती है।क्योंकि देर शाम इस सड़क पर सवारी गाड़ी बमुश्किल ही मिलती है।ऐसे में घर पहुंचने वाले व्यक्ति के लिए गाड़ी रिजर्व करना मजबूरी हो जाता है। प्राइवेट वाहन चालक मजबूरी का फायदा उठाते हुए उनसे किराए से कहीं ज्यादा रकम वसूल करते हैं। क्षेत्र के विनोद कुमार,विनय कुमार, प्रशांत, हरि प्रकाश आदि लोगों का कहना है कि इस सड़क पर रोडवेज बसों का संचालन जरूरी है। जिससे यात्रियों को आने जाने में आसानी हो और भारी भरकम किराया वसूली से बच सके।