संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के महुई गांव में शनिवार की देर शाम को जमीन के विवाद में हुए गोली कांड में पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर देर रात को छह नामजद पर हत्या, बलबा अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स भी तैनात किया गया है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों ने रात भर छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार महुई गांव की पीड़ित सुमन यादव ने बताया कि उनके परिवार से गांव के बोधनाथ यादव के परिवार से जमीन की रंजिश है। इसी रंजिश को लेकर गांव के विपक्षी बोधनाथ यादव, इंद्रजीत यादव, गोरखनाथ यादव, शेषनाथ यादव व बोधनाथ यादव के जीजा पन्नेलाल यादव निवासी ग्राम बेलाडीह थाना महुली देर शाम को उनके घर आए। उन्होंने पति धर्मेंद्र यादव को कुछ बात करने के लिए घर से बाहर बुलाया।
पति घर से बाहर निकले तभी बोधनाथ यादव व इंद्रजीत यादव ने पति को गोली मार दी। परिवार के योगेंद्र, धर्मदेव, सुशील उर्फ रिंकू व बजरंगी बचाने गए तो गोरखनाथ यादव, शेषनाथ यादव व पन्नेलाल यादव तलवार से हमला कर दिया। शोर पर संजय यादव, शशांक यादव, सोना देवी, व श्यामनरायन बीच बचाव किए तो वे परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
महुई गांव में घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था के लिए फोर्स तैनात किया गया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
ब्रजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी