जगह-जगह स्वागत के लग रहे होर्डिंग, 22 जनवरी को रामोत्सव मनाने के दिए जा रहे संदेश
हाईवे पर सुरक्षा के किए जा रहे इंतजाम, होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट पर नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। अयोध्या में श्री राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम दौर में हैं। हाईवे के डिवाइडर की रंगाई-पुताई के साथ ही सड़कों को चकाचक किया जा रहा है। इसके साथ ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। जगह-जगह स्वागत के होर्डिंग लगाकर लोगों को रामोत्सव मनाने के संदेश दिए जा रहे हैं।
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अपनी तैयारियों में जुटा हुआ है। हाईवे से होकर वीआईपी सहित रामभक्तों के अयोध्या जाने को देखते हुए सड़क को चकाचक किया जा रहा है। करीब एक सप्ताह से हाईवे की सड़क को गड्ढामुक्त किया जा रहा है। इसके तहत जिले की सीमा टेमा रहमत से लेकर मगहर ओवरब्रिज तक सड़क चकाचक हो गई है। इसके साथ ही डिवाइडर पर रंगाई-पुताई का काम भी चल रहा है। हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने हाईवे पर जगह-जगह स्वागत के लिए होर्डिंग लगाना शुरू कर दिया है।
इसमें प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही 22 जनवरी को रामोत्सव मनाने का संदेश दिया जा रहा है। दूसरी तरफ सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने मुस्तैदी बढ़ा दी है। हाईवे पर आने-जाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। जगह-जगह पुलिस के अधिकारी व जवान लगे रहेंगे। हाईवे पर होटलों, ढाबों व रेस्टारेंटों पर भी प्रशासन की नजर है। बीच-बीच में चेकिंग की जा रही है। लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ मिले। इसके लिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची जा रही है। होटल वालों को निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध लोगों की तत्काल सूचना दी जाए। बगैर पुख्ता जानकारी के होटलों में कमरा न दिए जाए।