-महुली क्षेत्र के नैनाझाला का मामला
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण होगा स्पष्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के नैनाझाला में बृहस्पतिवार को खाली जमीन में पानी गिराने को लेकर विवाद हो गया। जिसमें पड़ोसी ने वृद्धा को धक्का दे दिया। परिजन वृद्धा को सीएचसी नाथनगर ले गए। जहां चिकित्सकों ने महिला की मौत होने की पुष्टि कर दी। पीड़िता के बेटे ने ये आरोप लगाया है। सूचना पर धनघटा पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भेज दिया।
क्षेत्र के नैनाझाला गांव निवासी कुसलावती देवी पत्नी समरजीत को प्रधानमंत्री आवास मिला है। बुधवार को छत का कार्य पूरा हुआ था। छत लगने के बाद बृहस्पतिवार को दोगा (नहला) लग रहा था। बगल में राम वृक्ष चौहान की खाली जमीन है। खाली जमीन पर छत का पानी गिराने के लिए प्रयास किया जा रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार इसी बात को लेकर राम वृक्ष चौहान और समरजीत के परिवारों के बीच तू-तकरार होने लगी और विवाद बढ़ा थोड़ी देर बाद अचानक 65 साल की सुभावती देवी की तबियत खराब हुई तो परिजन आनन- फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर लेकर गए। जहां देखते ही चिकित्सकों ने सुभावती देवी की मृत होने की पुष्टि कर दी। मौत के बाद विवाद बढ़ने की आशंका पर पुलिस हरकत में आ गई।
धनघटा इंस्पेक्टर सन्तोष मिश्र, मुखलिसपुर चौकी प्रभारी विनोद यादव मौके पर पहुंच गए। मृतका के बेटे रविन्द्र कुमार ने पड़ोसी पर उसकी मां को धक्का देकर गिरा देने से मौत होने आरोप लगाया है। इस मामले में अभी तक थाने में तहरीर नही दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। ग्रामीणों से पूछताछ कर मौत की सही वजह पता कर रही है।
एसओ भगवान सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होगी। उसके बाद जेसी स्थिति होगी। वैसी कार्रवाई की जाएगी।