- शहर को अब हाइटेक बनाने की कवायद शुरू
पालिका ने सर्वे भी शुरू करा दिया, ले आउट भी बनाया जा रहा
- करीब साढ़े साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे
- खतौनी में जमीन राजस्व विभाग के नाम अंकित
- हस्तांतरित करने के लिए पालिका ने जिला प्रशासन को भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर को हाइटेक बनाने की कवायद शुरू हो चुकी है। इसके लिए नगर पालिका परिषद का कार्यालय भवन अब पुराने तहसील परिसर में बनेगा। साथ ही शहरवासियों के लिए एक पार्क बनाया जाएगा। जिसके लिए जमीन भी मिल गई है। नगर पालिका पुरानी तहसील का रखरखाव करता है। ऐसे में पालिका जमीन हस्तांतरित के लिए प्रयासरत है। कार्यालय बनने से शहरवासियों को पालिका से संबंधित कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। वहीं पार्क बनने से लोगों को मनोरंजन के साधन के साथ सुबह-शाम टहलने की जगह भी मिल जाएगी। पालिका ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
नगर पालिका खलीलाबाद में अभी तक लोगों के मनोरंजन के लिए पार्क की व्यवस्था नहीं है। जिसकी चलते लोगों को कबीर चौरा मगहर या गोरखपुर मनोरंजन के लिए जाना पड़ता है। जिसमें समय भी अधिक लगता था। शहर के बाहर दीनदयाल पार्क बना भी लेकिन लोगों का रोजाना वहां पहुंचना संभव नहीं है। ऐसे में शहर के बीचोबीच पार्क बनाने की योजना शुरू हुई है। इसके लिए नगर पालिका को शहर के पुरानी तहसील की जमीन खाली मिली है। नगर पालिका इस जमीन का रखरखाव कर रही है। यह जमीन खतौनी में राजस्व विभाग के नाम अंकित है। नगर पालिका ने जमीन को हस्तांतरित के लिए जिला प्रशासन को पत्र भी भेज दिया है।
वहीं पालिका ने सर्वे भी शुरू करा दिया है और ले आउट भी बनाया जा रहा है कि पार्क के लिए कितनी जमीन की जरूरत पड़ेगी। पार्क के निर्माण में कुल दो करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। साथ ही नगर पालिका कार्यालय का भवन भी पुराना हो चुका है। पहले यह भवन बड़गो में बनाने की योजना थी। लेकिन दूरी अधिक होने के चलते अब इसे पुरानी तहसील परिसर में ही बनाने की कवायद शुरू हुई है। इस पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। अगर यह दोनों कार्य शुरू होते हैं तो इससे शहरवासियों को काफी सहूलियत मिलेगी। मनोरंजन के लिए पार्क मिलेगा और किसी कार्य के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। शहर के बीचोबीच कार्यालय होने से लोगों को आसानी होगी।
शहर में कार्यालय और पार्क के लिए जमीन की तलाश थी। पुराने तहसील की जमीन मिल गई है। यहां पार्क और नगर पालिका का हाइटेक कार्यालय भी बनेगा। प्रशासन को पत्र लिखकर जमीन के हस्तांतरण की मांग की गई है। सर्वे आदि का कार्य किया जा रहा है। चुनाव बाद इन कार्यों पर अमल में लाना शुरू हो जाएगा।
- जगत जायसवाल, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद खलीलाबाद