अब जिला स्तर से होगा पारिश्रमिक का भुगतान
पहले ब्लॉक स्तर से होता था आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय का भुगतान
संतकबीरनगर। जिले में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं के पारिश्रमिक के भुगतान की व्यवस्था बदलने वाली है। ब्लॉक स्तर से भुगतान बनाने के बाद ऑनलाइन शासन को भेजा जाएगा। इसके सापेक्ष शासन स्तर से बजट की लिमिट जारी की जाएगी। बजट की लिमिट जारी होने के बाद सीएमओ कार्यालय से आशा कार्यकर्ताओं के खाते में रकम भेजी जाएगी।
जिले में कार्यरत करीब दो हजार आशा कार्यकर्ताओं को पूर्व में ब्लॉक स्तर से भुगतान की व्यवस्था थी। ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर एमआईएस से भुगतान बनाकर सीएचसी एवं पीएचसी अधीक्षक को भेजते थे। इसके बाद अधीक्षक भुगतान के लिए ब्लॉक एकाउंट मैनेजर को भेज देते थे, वहां से भुगतान बैंक भेजा जाता था।
इस प्रक्रिया में सीएमओ कार्यालय से ब्लॉकों को बजट भेजने आदि में समय लग जाता था। अब प्रत्येक माह बीसीपीएम एमआईएस से भुगतान बनाकर ऑनलाइन सीएमओ कार्यालय भेजा जाएगा। यहां से जिले के सभी ब्लॉकों के भुगतान को शामिल करते हुए बजट की डिमांड की जाएगी। इसके आधार पर शासन बजट की लिमिट जारी करेगा। शासन से बजट की लिमिट जारी होने के बाद जिला स्तर से भुगतान के लिए पीएफएमएस बनाकर बैंकों को भेज दिया जाएगा।
इसके पीछे शासन की मंशा है कि भुगतान में अनावश्यक विलंब नहीं होगा और पारदर्शिता आएगी। अप्रैल 2022 से आशा कार्यकर्ताओं के पारिश्रमिक का भुगतान लंबित पड़ा हुआ है।
अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के पारिश्रमिक भुगतान के लिए शासन स्तर से नई व्यवस्था लागू करने के निर्देेश प्राप्त हुए हैं। इसके लिए ब्लॉकों से बीसीएमएस एमआईएस से भुगतान बनवाकर मंगवाया जा रहा है।