जर्जर तारों को बदलकर घटनाओं पर अंकुश लगाएगा विद्युत निगम
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। बिजली के जर्जर व ढीले हो चुके तारों को बदलने का प्रयास विद्युत वितरण निगम ने शुरू कर दिया है। इससे घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
विद्युत सब स्टेशन मुखलिसपुर और कोचरी से खींचे गए हाई वोल्टेज विद्युत तार काफी पुराना होने की वजह से गर्मी के महीने में गिरकर धनघटा क्षेत्र में भारी तबाही मचाते हैं। तारों के कारण खेत खलिहान जलकर नष्ट हो जाते हैं और किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ता था। जर्जर हुए तारों को बदलने की मांग यहां के किसान लंबे समय से करते चले आ रहे हैं।
विद्युत वितरण निगम ने बिजली आपूर्ति को सुचारू रूप से संचालित करने और तारों के टूटकर गिरने से होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए सर्वे का कार्य करना शुरू कर दिया है। विद्युत वितरण निगम से जुड़े कर्मियों का कहना है गांव में खींचे गए नंगे तार बदल दिए जाएंगे। उसके जगह पर केबिल लगाई जाएगी। इससे नंगे तारों से गांव में होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगेगा और कटिया से होने वाली बिजली चोरी पर रोक लगेगी।
इस संबंध में विद्युत वितरण निगम के एसडीओ पीपी वर्मा ने बताया कि गांव में विद्युत के नंगे तार बदलकर केबिल लगाई जाएगी। इसके लिए एजेंसी के लोग सर्वे कर रहे हैं। खेत के रास्ते खींचे गए हाई वोल्टेज विद्युत तार अगर ढीले हैं तो उन्हें टाइट किया जाएगा। निगम का प्रयास है कि बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से मिले।