- मेंहदावल नगर पंचायत के ईओ व अध्यक्ष प्रकरण में जांच शुरू
- एसडीएम ने शुक्रवार को कार्यालय में बयान देने के लिए किया तलब
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। पूर्व अधिशासी अधिकारी तथा अध्यक्ष के बीच वायरल ऑडियो का विवाद गहराता जा रहा है। जिलाधिकारी ने मामले में जांच की जिम्मेदारी एसडीएम को सौंप है। जांच अधिकारी ने बृहस्पतिवार को अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष तथा अध्यक्ष प्रतिनिधि तथा पूर्व अधिशासी अधिकारी समेत छह लोगों को नोटिस जारी कर शुक्रवार को कार्यालय में तलब किया है। नोटिस कटने के बाद नगर पंचायत का माहौल चर्चाओं में आ गया है।
मेंहदावल नगर पंचायत अक्सर विवादों को लेकर चर्चाओं में इन दिनों है। ताजा मामला पूर्व अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज की गैर मौजूदगी में उनके आवास का ताला तोड़ने का मामला तथा सूचना पर पूर्व अधिशासी अधिकारी द्वारा संविदाकर्मी संजय कुमार के मोबाइल पर फोन कर आपत्ति दर्ज कराते हुए फटकार लगाने के मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब संविदा कर्मी तथा पूर्व अधिशासी अधिकारी के बीच हुई वार्ता का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल आडियो के आधार पर अध्यक्ष लक्ष्मी निषाद ने मेंहदावल पुलिस को तहरीर देकर पूर्व अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया।
मामले का जिलाधिकारी ने संज्ञान में लेते हुए एसडीएम मेंहदावल को जांच करते हुए तीन दिन में आख्या तलब की। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर एसडीएम अरुण कुमार ने बृहस्पतिवार को वर्तमान अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी निषाद, उनके पति तथा प्रतिनिधि रमेश निषाद तथा पूर्व अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज समेत छह लोगों को नोटिस जारी कर शुक्रवार को कार्यालय में तलब किया है। नोटिस कार्यालय में पहुंचने के बाद ही एक बार फिर अधिशासी अधिकारी तथा अध्यक्ष के बीच वायरस ऑडियो का मामला चर्चाओं में आ गया।
जिलाधिकारी के आदेश पर उक्त प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच प्रक्रिया के तहत ही नगर पंचायत अध्यक्ष उनके प्रतिनिधि पूर्व अधिशासी अधिकारी तथा वर्तमान अधिशासी अधिकारी समेत छह लोगों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया है। प्रकरण की निष्पक्ष जांच पूरा कर रिपोर्ट उच्च अधिकारी को प्रेषित की जाएगी।
-अरुण कुमार, एसडीएम