अस्पतालों के कायाकल्प की जिम्मेदारी संभालेंगे नोडल अफसर
- बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दिलाने में करेंगे सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ ही साथ ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के कायाकल्प के लिए ब्लॉकों में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। यह अधिकारी अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चिकित्सा केंद्रों पर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करेंगे, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
सीएमओ डॉ. अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि जनपद को ब्लॉक लेवल पर कुल नौ स्वास्थ्य क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कुल नौ जनपद स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों को इनकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह चिकित्सा अधिकारी कायाकल्य योजना के मानकों के तहत ब्लॉक क्षेत्र में आने वाली स्वास्थ्य इकाइयों की देखभाल करेंगे।
मानकों में मरीजों को दी जाने वाली सुविधाएं, साफ-सफाई, प्रबंधन, सामाजिक कार्य, मरीजों का भोजन, सैनिटेशन, हाइजीन, वेस्ट मैनेजमेंट, सपोर्ट सर्विस, इंफेक्शन कंट्रोल, हाइजीन प्रमोशन, चहारदीवारी और औषधीय गुण वाला बगीचा तैयार करने सहित कई अन्य बिंदुओं को शामिल किया गया है।
नोडल अफसर सीएचसी पर जाएंगे तथा उनका निरीक्षण करके आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी देंगे, ताकि समय रहते उनकी कमियों को पूरा किया जा सके। इनका पर्यवेक्षण पूरी तरह से सहयोगात्मक होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर सुधार होगा।
इन्हें मिली है जिम्मेदारी
डॉ. मोहन झा- मेंहदावल, डॉ. वीपी पांडेय- बघौली, डॉ. शकीलुर्रहमान - नाथनगर, डॉ. एसडी ओझा - हैंसर बाजार, डॉ. वीरेंद्र चौधरी - पौली, डॉ. वीके सोनी - सांथा, डॉ. आरपी मौर्या - सेमरियावां, डॉ. सोहन गुप्ता - बेलहर कला, डॉ. मुबारक अली - खलीलाबाद सीएचसी के नोडल अफसर बनाए गए हैं।