लोगों को थी उम्मीद कि विकास के लिए घोषणाएं करेंगे सीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करौंदा में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम से लोगों को बड़ी उम्मीदें थीं। लोग आस लगाए बैठे थे कि सेफ सिटी सहित अन्य योजनाओं की घोषणा हो सकती है। लेकिन लोगों को निराशा हाथ लगी।
प्रशासन ने शहर को सेफ सिटी बनाने की पहल की है। इसके तहत विकास के तमाम कार्य कराए जाने की योजना है। लोग आस लगाए थे कि कार्यक्रम में सीएम इसको लेकर घोषणा करेंगे। इसके साथ ही परिवहन निगम के बस डिपो सहित अन्य घोषणाओं की उम्मीद लगाए थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने सिर्फ सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। किसी प्रकार की कोई विकास योजना की घोषणा नहीं की। करीब 12 मिनट लोग उन्हें ध्यान से सुनते रहे। फिर निराश होकर लौट गए। हालांकि, मुख्यमंत्री ने 21 स्थानों पर अन्नपूर्णा भवन बनाने के लिए भूमि पूजन जरूर किया।
प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल के पास बने पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय करौंदा को रातभर में चमका दिया था। लेकिन सीएम उस तरफ नहीं गए।
कार्यक्रम में आए जितेंद्र कुमार, राम दयाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर खासे उत्साहित थे। उम्मीद थी कि जिले के विकास के लिए कोई घोषणा होगी, लेकिन कोई घोषणा न होने से निराश होना पड़ा है।