जंगली जानवर के हमले में तीन बच्चे समेत नौ लोग घायल
- दुधारा क्षेत्र के मदारपुर गांव की घटना, घर के बाहर खेल रहे थे बच्चे
- रविवार शाम साढ़े सात बजे की घटना, आठ की हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावा/ संतकबीरनगर। दुधारा क्षेत्र के मदारपुर गांव में रविवार शाम साढ़े सात बजे जंगली जानवर ने हमला करके तीन बच्चे समेत नौ लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सभी घायलों को लोग सीएचसी सेमरियावां ले गए, जहां से आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे और लोग घर के बाहर बैठे थे। उसी दौरान जंगली जानवर ने हमला कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। खबर लिखे जाने तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।
ग्रामीणों ने बताया कि मदारपुर गांव में शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक एक जंगली जानवर घुस गया। जंगली जानवर ने हमला करके गांव की दस वर्षीय अंशिका पुत्री रामनरेश, सात वर्षीय कृष्णा पुत्र रामनरेश, 20 वर्षीय मुफीदा पुत्री हामिद, 15 वर्षीय मुशीदा पुत्री हामिद, 50 वर्षीय बाबुल्लाह पुत्र अमजद अली, 55 वर्षीय बिटानु, 25 वर्षीय राजकुमार पुत्र दिलीप और पांच वर्षीय अंश को घायल कर दिया।
गांव में जंगली जानवर के घर में घुसने की जानकारी होने पर लोग घरों में कैद हो गए। वहीं परिजन आसपास के लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी सेमरियावां ले गए, जहां से आठ घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीएचसी सेमरियावां के इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर जावेद अख्तर ने बताया कि नौ घायल अस्पताल लाए गए थे। सभी घायलों के गर्दन और मुंह को नोंचा गया है। आठ घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एसओ सर्वेश राय ने बताया कि मदारपुर में किसी जंगली जानवर के घुसने की सूचना मिली है। वन विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है। मदारपुर और लौकीलाला गांव के लोगों को सतर्क कर दिया गया है कि लोग अपने-अपने घरों के अंदर सुरक्षित रहें।
वन विभाग की टीम आने के बाद जंगली जानवर की तलाश शुरू कराई जाएगी। वहीं, डीएफओ जेपी श्रीवास्तव ने बताया कि वन विभाग की टीम को रवाना कर दिया गया है। टीम वहां जांच करेंगी और जंगली जानवर के पैरों के निशान आदि देखी, तभी बताया जा सकेगा कि कौन जंगली जानवर है।