मेंहदावल। नगरीय निकाय चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे प्रत्याशी मतदाताओं में पैठ बनाने के लिए जी-जान लगा दिए है। कोई बहू के लिए मतदाताओं के बीच पसीना बहा रहा है तो कोई अपनी पत्नी को अध्यक्ष बनाने के लिए मतदाताओं से गुहार लगा रहा है। मेंहदावल नगर पंचायत में ससुर से लेकर पति तक की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
मेंहदावल नगर पंचायत में अध्यक्ष के 12 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। जिसमें भाजपा ने पूर्व ब्लाॅक प्रमुख चंद्रशेखर पांडेय की बहू अंजना पांडेय को अपना उम्मीदवार बनाया है। बसपा ने पूर्व चेयरमैन मोतीलाल जायसवाल की पत्नी एवं निवर्तमान अध्यक्ष प्रमिला जायसवाल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि समाजवादी पार्टी ने लक्ष्मी पत्नी रमेश निषाद को चुनावी मैदान में उतारा है।
कांग्रेस पार्टी ने हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व नगर अध्यक्ष की माता तारामती पत्नी रविंद्र प्रताप सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। सिंबल मिलने के साथ ही प्रचार प्रसार शुरू हो गया है। मतदाताओं को रिझाने के लिए परिवार के सदस्य जुट गए हैं। एक तरफ महिला उम्मीदवार जनसंपर्क कर रही हैं वहीं दूसरी तरफ चुनाव प्रचार की कमान पुरुषों के हाथ में है। भाजपा उम्मीदवार की जीत के लिए प्रत्याशी के ससुर मतदाताओं के बीच जनसंपर्क कर मनुहार करते देखे जा रहे हैं, वहीं रुठों को मनाने का दौर भी चल रहा है।