- डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार की शाम को डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें शहर को यातायात प्रबंधन व सुरक्षा के दृष्टिकोण से सेफ सिटी के रूप में विकसित किए जाने के तहत कराए जा रहे कार्यों में प्रगति आदि की समीक्षा की। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने एनएचआई को निर्देशित करते हुए कहा कि मेंहदावल बाईपास पर बने फ्लाईओवर पर लगे सभी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराएं। साथ ही नाले की मरम्मत व साफ-सफाई कराते हुए नगर पालिका को हैंडओवर करा दिए जाएं। जिससे उसकी नियमित देखरेख की जाती रहे।
समीक्षा के दौरान डीएम ने यातायात पुलिस को निर्देशित करते हुए कहा कि डिवाइडर पर अनिवार्य रूप से डेलीनेटर व रेडियम पट्टी लगाया जाए और अवैध कट को बंद कर दिए जाएं। उसकी सूचना भी दी जाए। उन्होंने खलीलाबाद सिटी के सुंदरीकरण, मेंहदावल बाईपास सहित अन्य व्यस्त चौराहों का आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण व लेफ्ट हैंड फ्री टर्न की सुविधा शहर में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व सड़कों पर आवश्यकतानुसार क्षमता का स्ट्रीट लाइट लगाते हुए पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था के निर्देश दिए।
वहीं एसपी सत्यजीत गुप्त ने कहा कि प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर टेबल टॉप रंबल स्ट्रिप बनाएं जाएं। सीट बेल्ट व हेलमेट का पालन करने हेतु प्रचार-प्रसार किए जाएं। बैठक में एडीएम जय प्रकाश, सीडीओ संत कुमार, सीएमओ डॉ रामानुज कन्नौजिया, एसडीएम शैलेश दुबे, सीओ ब्रजेश सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।