- मोबाइल काॅल डिटेल के आधार पर बढ़ा पुलिस के जांच का दायरा
- डीघा में सिपाही के जमीन खरीदने की होती रही चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद के डीघा गांव निवासी नंदिनी राजभर हत्याकांड में पुलिस के रडार पर बहराइच जनपद में तैनात एक सिपाही आ गया है। मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस सिपाही की भूमिका की जांच कर रही है। डीघा में ही सिपाही के जमीन खरीदने की भी चर्चा है। गौरतलब है कि 10 मार्च को सुभासपा के महिला विंग की प्रदेश महासचिव की घर में हत्या कर दी गई थी।
नंदिनी राजभर के मोबाइल फोन की काॅल डिटेल निकालकर जांच टीम एक-एक नंबर खंगालने में जुटी हुई है। फोन डिटेल में मिले एक नंबर की पुलिस ने जांच की तो वह बहराइच जनपद में तैनात सिपाही का पाया गया। जिसके बाद पुलिस की निगाह उस तरफ भी घूम गई है। स्थानीय चर्चाओं पर गौर करें तो सिपाही ने डीघा में एक जमीन भी खरीदा था और लगातार नंदिनी राजभर से मोबाइल फोन पर उसकी बातचीत होती थी।
नंदिनी हत्याकांड की जांच में लगी पुलिस टीम अब सिपाही के बारे में जानकारी जुटाने में लग गई है। वहीं घटना के अन्य सभी पहलुओं पर भी पुलिस सजगता से कदम रख रही है। हालांकि पुलिस की जांच पूरा होने के बाद ही असल वजह निकलकर सामने आएगा। फिर भी नंदिनी राजभर हत्याकांड में पुलिस एहतियात से अपने जांच का दायरा बढ़ा रही है।
पुलिस गिरफ्त में नहीं आया पांचवां आरोपी
नंदिनी राजभर की हत्या के बाद पुलिस की गिरफ्त में अभी तक पांचवां आरोपी आनंद यादव नहीं आ सका है। एक आरोपी पहले से ही जेल में बंद था। बाकी तीन नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करके घटना के अगले दिन ही जेल भेज दिया था। पांचवां नामजद आरोपी आनंद यादव अभी भी घटना के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस टीम ने उसके कुछ संभावित ठिकानों पर छापा भी मारा है। इसके बाद भी उसके बारे में अभी तक कुछ सुराग नही लगा पाया।
नंदिनी हत्याकांड की जांच चल रही है। पुलिस टीम काम कर रही है। जल्द की मामले का खुलासा किया जाएगा।
- सत्यजीत गुप्ता, एसपी