शहर के विद्यालयों के कायाकल्प के साथ ही होंगे अन्य कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद को मुख्यमंत्री सृजन योजना के तहत एक करोड़ रुपये मिले हैं। इससे शहर के विद्यालयों का कायाकल्प के साथ ही सड़क, स्ट्रीट लाइट आदि की मरम्मत कराई जाएगी। इसी माह से इस पर कार्य शुरू हो जाएगा।
शहर के ज्यादातर परिषदीय स्कूलों में कायाकल्प नहीं हो पाया है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर सड़कें जर्जर हालत में हैं। नगर पालिका ने इसके लिए नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद मुख्यमंत्री सृजन योजना के तहत एक करोड़ रुपये जारी हुए हैं। इस रकम से सड़क, नाली, खड़़ंजा आदि का कार्य होगा।
इसमें मोहद्दीनपुर में सड़क निर्माण, कसैला में स्ट्रीट लाइट मरम्मत, बनियाबारी में सड़क, शादीकजंग में सड़क, विद्यालय का कायाकल्प, सरैया में विद्यालय का कायाकल्प आदि कार्य कराए जाएंगे।
चेयरमैन जगत जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री सृजन योजना के तहत एक करोड़ रुपये जारी हुए हैं। इससे कई कार्य कराए जाने हैं। जल्द ही इस पर कार्य शुरू हो जाएंगे। विद्यालयों के कायाकल्प के साथ ही अन्य सुंदरीकरण के कार्य दो माह में पूरे कर लिए जाएंगे।