- 23 वर्षीय युवक को जहर देकर मारने का लगा था आरोप
- मेंहदावल नगर पंचायत के पुरवा वार्ड का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। कस्बे के पुरवा वार्ड में युवक की बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालात में मौत का मामला प्रकाश में आया था। जिसमें परिजनों ने परिवार के ही सदस्य पर जहर देकर करने का आरोप लगाया था। परिजनों के आरोप पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। लेकिन पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। जिसके कारण युवक का विसरा जांच कराने के लिए सुरक्षित कर लिया गया है।
मेंहदावल के पुरवा वार्ड निवासी मोहम्मद रज्जाक (23 वर्ष) पुत्र पेशकार की बृहस्पतिवार को सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। रज्जाक के पिता पेशकार का आरोप है कि छोटे भाई की पत्नी पुत्र आदि ने मिलकर उसके पुत्र को घर खाना खाने के लिए बुलाया था। खाना खाकर जब वह वापस घर आया तो उसे उल्टी होने लगा।
हालात गंभीर देखकर सीएचसी मेंहदावल इलाज के लिए ले जाया गया। जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत खराब देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पर उसकी मौत हो गई। जिस पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण सामने न आने से मृतक का बिसरा जांच के लिए भेजा जाएगा। रज्जाक के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है लेकिन बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। 00
पुलिस को तहरीर मिली है लेकिन पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने से बिसरा जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - राघवेंद्र सिंह राठौड़, सीओ मेंहदावल